Haryana Weather: हरियाणा में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने की ओर है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार, 15 अगस्त से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और कुछ जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में भी गिरावट आने की उम्मीद है।
रविवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की वर्षा हुई, जिससे दिन और रात के तापमान में कमी दर्ज की गई। हिसार में रविवार तड़के करीब 5 बजे हल्की वर्षा दर्ज की गई, जिसमें कुल 2.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विज्ञानी चंद्रमोहन के अनुसार, मानसूनी हवाएं इस समय हिमालयी क्षेत्रों की ओर खिसक गई हैं। इसका प्रभाव यह हो रहा है कि चंडीगढ़, देहरादून और पंजाब के कुछ जिलों में तो बारिश हो रही है, लेकिन हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर में मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है।
वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए, हरियाणा में पंचकूला, अंबाला और आसपास के क्षेत्रों में ही 15 अगस्त तक हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई जा रही है। बाकी जिलों में फिलहाल मौसम सूखा बना रह सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि 13 अगस्त को बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर में मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।